मप्र बोर्ड की स्टेट टॉपर चांदनी के घर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, भोपाल के भीमनगर में किया जनसंवाद
भोपाल, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल कर प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा चांदनी विश्वकर्मा से मिलने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अचानक भोपाल के भीमनगर पहुंचे।
स्लम बस्ती की संकरी गलियों में ई-व्हीकल से पहुंचे मुख्यमंत्री ने चांदनी और उसके परिवार से मुलाकात कर न सिर्फ बधाई दी, बल्कि उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भीमनगर क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भीमनगर स्थित चांदनी के एक कमरे के कच्चे मकान में पहुंचकर उससे आत्मीय बातचीत की। उन्होंने चांदनी और उसके परिजनों के साथ समय बिताया, परिवार के साथ सेल्फी ली और उसकी अभूतपूर्व सफलता पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन और सीमित संसाधनों के बावजूद चांदनी ने जिस लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ यह उपलब्धि हासिल की है, वह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। चांदनी की पारिवारिक परिस्थितियों को जानने के बाद मुख्यमंत्री ने उसके घर की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि या तो नया घर बनवाया जाएगा या वर्तमान मकान की बेहतर मरम्मत कराई जाएगी, ताकि परिवार को रहने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना सरकार की जिम्मेदारी है। चांदनी की पढ़ाई और भविष्य को लेकर सरकार हर संभव सहयोग करेगी।”
भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का सपना
प्रदेश की टॉपर चांदनी विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सपना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर देश की सेवा करना है। मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा, “मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुख्यमंत्री स्वयं मेरे घर आएंगे। यह मेरे जीवन का सबसे यादगार पल है। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया है कि आगे की पढ़ाई की चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार मेरे साथ खड़ी है।”
परिवार ने रखी अपनी समस्याएं
चांदनी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक और आवासीय समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार एक छोटे से कमरे में रहता है, जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। परिजनों ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानियां बताईं। उन्होंने हमारी बात गंभीरता से सुनी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

