home page

रक्तदान सबसे बड़ी पूजा और सबसे बड़ा दानः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

 | 
रक्तदान सबसे बड़ी पूजा और सबसे बड़ा दानः उप मुख्यमंत्री शुक्ल


- उप मुख्यमंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ

रीवा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को रीवा में अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी पूजा और सबसे बड़ा दान है। रक्तदान से हम तीन जरूरतमंदों की जान बचा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि रक्तदान करने के लिए 18 साल से 65 साल का हर स्वस्थ व्यक्ति उपयुक्त है। साल में कम से कम दो बार हर व्यक्ति रक्तदान करे। नियमित रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है तथा हार्ट अटैक और कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बहुत कम हो जाता है। लोगों को रक्तदान के लिए जागरूकर करना आवश्यक है। ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त न होने के कारण सीवियर एनिमिक गर्भवती महिलाओं के उपचार तथा जटिल ऑपरेशन में बाधा उत्पन्न होती है। संजय गांधी हास्पिटल, मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल तथा जिला रेडक्रास समिति में रक्त भण्डारण की पर्याप्त क्षमता है। हर स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान करके मानवता के कल्याण में भागीदारी निभाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में रक्तदान के प्रति लोगों के मन में संकोच है। कई बार अपने घर परिवार के सदस्यों की जान बचाने के लिए भी रक्तदान करने में लोग हिचकिचाते हैं। रक्तदान से शरीर में किसी भी तरह की कमजोरी नहीं आती है। मैंने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन 17 सितम्बर को रक्तदान किया और दिन में सात से अधिक कार्यक्रमों में भाग लिया। मुझे किसी भी तरह की थकान और कमजोरी महसूस नहीं हुई। अग्रवाल समाज ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाकर पूरे रीवा के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। अन्य लोग भी इससे रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे।

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने 32 बार रक्तदान करने वाले राकेश अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा, संजय गांधी हास्पिटल की टीम तथा रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, राजेश पाण्डेय, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कैलाशचन्द्र अग्रवाल, महिला प्रांताध्यक्ष वीणा बंसल, अजय अग्रवाल, मोहित अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर