home page

मप्रः एसडीओपी को धमकाने के मामले में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को नोटिस, पार्टी ने मांगा जवाब

 | 
मप्रः एसडीओपी को धमकाने के मामले में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को नोटिस, पार्टी ने मांगा जवाब


भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को एसडीओपी को धमकाने के मामले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नोटिस जारी किया है। बुधवार की जारी नोटिस में प्रीतम लोधी से तीन दिन में अपना जवाब पेश करने को कहा गया है।

नोटिस में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में आपके द्वारा किया गया आचरण अत्यंत आपत्तिजनक है, जो पार्टी के अनुशासन के अनुरूप नहीं है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विधायक को तीन दिन के भीतर अपने आचरण पर अपना पक्ष रखना होगा। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता है, तो उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस नोटिस की प्रतिलिपि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और राज्य के शीर्ष पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय शामिल है।

दरअसल, भाजपा विधायक विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने गत 16 अप्रैल को पांच लोगों को थार वाहन से टक्कर मार दी थी। पुलिस ने दिनेश लोधी पर एफआईआर दर्ज कर थार जब्त की थी। कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को दिनेश लोधी करैरा थाने पहुंचा था। यहां एसडीओपी आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनोद छावई ने उससे हादसे को लेकर पूछताछ की।

इस हादसे के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में विधायक लोधी कहते हुए दिख रहे हैं कि करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि वे उन्हें बेचैन कर देंगे। एसडीओपी तेरी डैडी का करैरा नहीं है। करैरा आएगा और चुनाव भी लड़ेगा। अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें। कानून हमें भी आता है।

एसडीओपी पर टिप्पणी के बाद मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश भाजपा से रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद बुधवार को नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, प्रीतम लोधी ने कहा कि मुझे अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलने के बाद ही पार्टी के सामने अपना पक्ष रखूंगा और उचित जवाब दूंगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर