मप्र भाजपा के प्रभारी बनने के बाद आज पहली बार भोपाल आएंगे बिप्लब देब
- बूथ कार्यकर्ता के घर भोजन और कोर ग्रुप की बैठक में लेंगे हिस्सा
भोपाल, 30 सितम्बर (हि.स.)। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब कुमार देब मध्य प्रदेश भाजपा का प्रभारी बनाए जाने के बाद आज (30 सितंबर) को पहली बार भोपाल आ रहे हैं। उनका दो दिवसीय दौरा केवल बड़े नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के घर भोजन और चाय पर चर्चा से लेकर प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक तक शामिल है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब सुबह करीब 10.30 बजे भोपाल पहुंचेंगे। वे यहां राजाभोज विमानतल से सीधे लालघाटी स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर जाएंगे और बूढ़े हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे दोपहर एक बजे दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-32, बूथ-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के शास्त्री नगर स्थित घर पर भोजन करेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी देब दोपहर 2:45 बजे बूथ-49 के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के कोटरा सुल्तानाबाद स्थित निवास पर चाय पर चर्चा करने के बाद वे पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी से उनके निवास पर मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 3:15 बजे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचेंगे। शाम 4 बजे वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और इसके बाद शाम 5 बजे प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश सह प्रभारी रेखा यादव भी कार्यकर्ताओं से करेंगी भेंट
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा भी आज मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर भोपाल पहुंच रही हैं। रेखा वर्मा प्रातः 11:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगी। इसके बाद वे दोपहर 01 बजे बूथ नंबर 203, ई-7, अरेरा कालोनी, वार्ड-49, अरेरा मंडल की कार्यालय मंत्री रंजना प्रसाद के निवास पर भोजन करेंगी और सायं 05 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगी।
दूसरे दिन संगठन की पूरी टीम के साथ बैठक
दूसरे दिन यानी एक अक्तूबर को बिप्लब देब और रेखा वर्मा प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, सभी संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। संगठन के मौजूदा कामकाज और जिलों से जुड़े फीडबैक पर चर्चा इस बैठक का अहम हिस्सा होगी। देब के पहले दौरे की बैठकों को पार्टी ने मुख्य रूप से परिचयात्मक बताया है, लेकिन संगठन की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ली जा सकती है। इस तरह देब के पहले दौरे में कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर दर्शन से होकर बूथ कार्यकर्ता के घर भोजन, वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात और कोर ग्रुप की बैठक तक पहुंचेगी। अगले दिन प्रदेश संगठन की पूरी टीम के साथ बैठक होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

