राष्ट्रीय एकता दिवस के लिए निकलेगी बाइक रैली, डीजीपी गुरुवार को भोपाल से करेंगे फ्लैग ऑफ
- 13 राज्यों के 139 एवं मध्य प्रदेश के 7 पुलिस राइडर्स भोपाल से होंगे रवाना
भोपाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाली एकता परेड के तहत 'नशे के विरुद्ध' संदेश के साथ राष्ट्रव्यापी बाइक रैली आयोजित की जा रही है। मध्य प्रदेश से निकलने वाली बाइक रैली तथा अन्य राज्यों की रैली टीमों का फ्लैग ऑफ गुरुवार, 22 अक्टूबर को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा द्वारा सुबह 10 बजे, लाल परेड ग्राउंड, भोपाल से किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश लेकर मध्य प्रदेश पुलिस का 7 सदस्यीय बाइक राइडर्स दल देशव्यापी रैली में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। इस दल के साथ जोन-2 (सेंट्रल) एवं जोन-4 (नॉर्थ ईस्ट) के 13 राज्यों के 139 पुलिस राइडर्स भी भोपाल से रवाना होकर मध्य प्रदेश के निर्धारित मार्गों से होते हुए गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे। रैली में शामिल सभी राज्यों के पुलिस राइडर्स के सुरक्षित आवागमन, रात्रि विश्राम, स्वागत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
रैली में बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम एवं सिक्किम सहित कुल 14 राज्यों की टीमें शामिल हैं। इन टीमों के कुल 146 सदस्य निर्धारित मार्ग से एकता नगर पहुंचेंगे।
डीजीपी मकवाणा ने बताया कि राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। रैली के दौरान मार्ग में स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 31 अक्टूबर को एकता नगर, गुजरात में रैली का समापन होगा, जहां सभी टीमें राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में सहभागिता करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

