home page

भोपालः राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में आज राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 का समापन

 | 
भोपालः राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में आज राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 का समापन


भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता तथा प्राकृतिक संसाधनों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 का आज (बुधवार) समापन होगा।

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने बताया कि समापन दिवस पर बच्चों एवं विद्यार्थियों के लिए विशेष रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 9:00 बजे से 10:30 बजे तक कक्षा नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के बच्चों के लिए 'मध्य प्रदेश के वन्यजीव थीम पर टॉडलर वॉक आयोजित की जाएगी।

टॉडलर वॉक का उद्देश्य नन्हे बच्चों को खेल एवं रचनात्मक गतिविधि के माध्यम से मध्यप्रदेश के वन्यजीवों से परिचित कराना है। कम उम्र में ही बच्चों में वन्यजीवों और प्रकृति के प्रति रुचि एवं संवेदनशीलता विकसित करने की दिशा में यह गतिविधि महत्वपूर्ण होगी। इसी अवधि में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए 'मध्यप्रदेश के वन्यजीव थीम पर फेस पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

फेस पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण का संदेश प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागी अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से मध्य प्रदेश में पाए जाने वाले वन्यजीवों तथा उनके संरक्षण से संबंधित विषयों को कलात्मक रूप में प्रदर्शित करेंगे।

समापन समारोह में वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर