भोपालः स्कूल ऑफ लॉ, स्टडीज़ पीपुल्स यूनिवर्सिटी में वृक्षारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,जबलपुर के निर्देशन में तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में रविवार को भोपाल में पंच-ज अभियान के अंतर्गत स्कूल ऑफ लॉ, स्टडीज पीपुल्स यूनिवर्सिटी में वृक्षारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल, डॉ. निरजा मालिक रजिस्ट्रार पीपुल्स यूनिवर्सिटी, प्रिंस कुमार गुप्ता, रविकांत गुप्ता प्रिंसिपल पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज़, लीगल एड सेल के प्रभारी सहित प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर परिसर में 50 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया। सभी उपस्थितजनों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।
सचिव सुनीत अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विधिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। निःशुल्क विधिक सहायता योजना की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सेवाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों के विभिन्न विधिक प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का सरल, व्यावहारिक एवं संतोषजनक समाधान किया गया। इसके पश्चात प्रो. रविकांत गुप्ता द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

