भोपालः महिला पुलिस थाने में हुआ सांकेतिक संवाद मध्यस्थता केन्द्र का शुभारंभ
भोपाल, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित महिला पुलिस थाना में शनिवार को संकेत संवाद मध्यस्थता केन्द्र (साईन लेंगवेज आधारित विशेष मध्यस्थता केन्द्र) का ई-लोकार्पण भारत के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति सूर्यकांत द्वारा जबलपुर में नेताजी सुभाषचन्द्र बोस कल्चरल एवं इंफार्मेशन सेंटर से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह यादव, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी, न्यायमूर्ति सतीशचंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति प्रसन्न भाचचंद वराले, न्यायमूर्ति एन. कोटेश्वर सिंह, न्यायमूर्ति मनमोहन, न्यायमूर्ति आलोक अराधे एवं केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति संजीव सचदेवा, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधिपति विवेक रूसिया एवं मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधिपतिगण उपस्थित रहे।
भोपाल के अलावा जबलपुर, इन्दौर, रीवा एवं सीधी में भी संकेत-संवाद मध्यस्थता केन्द्रों का ई-उद्घाटन मुख्य न्यायाधिपति द्वारा किया गया। देश में यह पहला मामला है कि मूक-बधिर एवं श्रवण बाधित के लिए इस प्रकार के मध्यस्थता केन्द्र प्रारंभ किए गए हैं। संकेत संवाद मध्यस्थता केन्द्र (साईन लेंगवेज आधारित विशेष मध्यस्थता केन्द्र) स्थापित करने का उद्देश्य मूक-बधिर एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के मध्य, साईन लेंग्वेज इंटरप्रेटर एवं मध्यस्थतों के माध्यम से सुलह-समझौता की कार्यवाही करवाना है। अभी तक सामान्य व्यक्तियों के लिए ही मध्यस्थ उपलब्ध रहते थे किन्तु दिव्यांगजन के मध्य विवाद उत्पन्न होने पर उनके लिए विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं रहते थे, परंतु मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इन्दौर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ मध्यस्थ को प्रशिक्षित किया गया, जो कि अब उक्त मध्यस्थता केन्द्रों में अपनी सेवाएं देंगे।
भोपाल में महिला पुलिस थाना में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में सुरेखा मिश्रा, जिला न्यायाधीश भोपाल, सुनीत अग्रवाल, सचिव एवं न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रद्धा तिवारी, पुलिस उपायुक्त, पुलिस मुख्यालय भोपाल, मंजूलता खत्री, अति० पुलिस उपायुक्त भोपाल, महिला थाना प्रभारी एवं कर्मचारी, खुशबु शाक्य एवं दीपिका हरदौलिया, साईन लेंग्वेज इंटरप्रेटर, अंशुल सोनी एवं कमलेश ढोंगरे, श्रवण बाधित मध्यस्थ एवं श्रवण बाधित एवं मूक-बधिर व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भोपाल में प्रारंभ हुए उक्त संकेत-संवाद मध्यस्थता केन्द्र में सोनम केदावत और अतुल केदावत का मामला भी आया जिनके मध्य घरेलु विवाद होने से उक्त विशेषज्ञों की मदद से सुलह समझौता कराने की कार्यवाही की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

