home page

भोपालः रंगों और विचारों में विद्यार्थियों ने उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’

 | 
भोपालः रंगों और विचारों में विद्यार्थियों ने उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’


- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मॉडल स्कूल टी.टी. नगर में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

भोपाल, 19 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रंगों और विचारों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं हरित भारत की अपनी कल्पनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल, आयुक्त अभिषेक सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य तथा अपर परियोजना संचालक नंदा भलावे सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से देश की प्रगति, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने सपनों को कैनवास पर जीवंत किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति के साथ भावी भारत की अपनी परिकल्पना प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवोन्मेषी सोच और राष्ट्र के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण ने उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति कौशल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विद्यालय परिसर में पौध-रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित चेतना का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

चित्रकला में सिद्धि साहू और पार्थ सच्चान रहे प्रथम

चित्रकला प्रतियोगिता में सिद्धि साहू एवं पार्थ सच्चान ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमन पटेल एवं नमन अड़कर ने द्वितीय तथा प्रतिभा अहिरवार एवं शिवांगी सोनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

भाषण प्रतियोगिता में कृष्णकांत शर्मा और कृतिका चौकसे ने मारी बाजी

भाषण प्रतियोगिता में कृष्णकांत शर्मा एवं कृतिका चौकसे ने प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान अर्जित किया। शिवांश सीठा ने द्वितीय और भाव्यांशी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर