home page

भोपालः मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को

 | 
भोपालः मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को


- उच्च शिक्षा मंत्री परमार होंगे मुख्य अतिथि, शिक्षाविदों का किया जाएगा सम्मान

भोपाल, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी का 56वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार, 22 जून को सायं 4 बजे मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, भोपाल में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री तथा अकादमी के अध्यक्ष इन्दर सिंह परमार होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमी के संचालक अशोक कड़ेल करेंगे।

अकादमी के सहायक संचालक (प्रभारी) राम विश्वास कुशवाहा ने रविवार को बताया कि समारोह में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन विशिष्ट अतिथि तथा उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर अकादमी द्वारा प्रकाशित “प्रगति पथ” ब्रोशर तथा द्विमासिक पत्रिका “रचना” का विमोचन किया जाएगा। यह प्रकाशन अकादमी की शैक्षणिक, साहित्यिक एवं ज्ञान-विस्तार संबंधी गतिविधियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत उच्च शिक्षा के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं संदर्भ ग्रंथों की पांडुलिपियों के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले शिक्षाविदों में अध्यक्ष, प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति डॉ. रविन्द्र कान्हेरे, चेयरमैन, मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग डॉ. खेमसिंह डहेरिया, पूर्व आचार्य, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन डॉ. राकेश ढण्ड, तथा प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर डॉ. अलकेश चतुर्वेदी, शामिल हैं। उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त संचालक, मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी डॉ. उत्तम सिंह चौहान, द्वारा किया जाएगा। समारोह में विश्वविद्यालयों के कुलगुरु, कुलसचिव, प्राचार्य, प्राध्यापक, शिक्षाविद, साहित्यकार, अकादमी के लेखक एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर