भोपालः संभागायुक्त ने गांवों का भ्रमण कर महिला समूहों से किया संवाद
भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को बैरसिया अनुभाग का व्यापक भ्रमण कर महिला सशक्तिकरण, खेत तालाब, गौशाला, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिलाओं द्वारा किए जा रहे नवाचारों और आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य लोगों को स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने स्व सहायता समूह की दीदियों से संवाद कर उनके द्वारा किए जा रहे अलग-अलग उद्यमों की जानकारी ली। चिलचिलाती गांवों में संभागायुक्त ने गांवों का भ्रमण कर शासन की विभिन्न योजनाओं की मैदानी प्रगति का जायजा लिया।
भ्रमण की शुरुआत गोलखेड़ी के जरी-जरदोजी प्रशिक्षण केंद्र से हुई। संभागायुक्त सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलसी) की अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं लखपति दीदियों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की। संभागायुक्त सिंह ने कहा कि आजीविका मिशन केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने का अभियान है। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे स्वयं ऋण लेकर स्वरोजगार गतिविधियों का विस्तार करें, अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाएं और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।
बैठक के दौरान महिलाओं ने बैंक सखी' टैक्स सखी' और लखपति दीदी'' के रूप में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि मिशन से जुड़ने के बाद न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है बल्कि परिवार और समाज में उनकी भूमिका भी सशक्त हुई है। संभाग आयुक्त सिंह ने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने की बात कही ताकि उन्हें बेहतर बाजार और उचित मूल्य प्राप्त हो सके। संभागायुक्त श्री सिंह ने महिलाओं से सामाजिक नेतृत्व की भूमिका निभाने, स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने ग्राम पंचायत गुनगा में खेत तालाब एवं एक बगिया मां के नाम का निरीक्षण एवं ग्राम पंचायत करौंदिया की उद्यानिकी विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। जनपद सीईओ देवेश सराठे ने बताया कि 788 खेत तालाब बनाए जा रहे हैं जिसमें से लगभग 550 से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। इसी प्रकार स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा 107 एक बगिया मां के नाम से बनाई गई हैं। जिसमें आम नीबू और जामफल और संतरे की खेती की जा रही है।
संभागायुक्त सिंह ने ग्राम गुनगा में खेत तालाब के हितग्राही डालचंद से चर्चा की और खेत तालाब से हुए लाभ, जल स्तर एवं फसलों में सिंचाई की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उप संचालक उद्यानिकी विभाग राजकुमार सगर ने बताया कि दस हेक्टेयर भूमि पर संचालित नर्सरी में इस बार 80 हजार पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इस बार आठ लाख के पौधों की बिक्री की गई थी।
मजीद खान की जैविक खेती का किया अवलोकन
संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने बैरसिया विकासखंड के इमलिया नरेंद्र के जैविक खेती एवं बागवानी का कार्य करने वाले कृषक मजीद खान के खेत पर पहुंचे। उनके द्वारा तीन एकड़ में की जा रही जैविक खेती उत्पादों को देख कर उनकी सराहना की। मजीद खान द्वारा जैविक खेती एवं फलों की मिश्रित खेती की जा रही है। जिसमें ककड़ी, टमाटर, के साथ अन्य सब्जियों के साथ आम आंवला जामफल अनार नींबू के औषधियाँ भी उगाई जा रही है। कृषक मजीद खान को अनेक सम्मान भी मिल चुके हैं। संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने उनके खेतों का निरीक्षण कर जैविक उत्पादों व औषधीय बागवानी के प्रयासों की सराहना की।
गौशाला का किया निरीक्षण
संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने बैरसिया विकासखंड के बर्रीक्षीरखेड़ा की आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन केंद्र एवं गौशाला का निरीक्षण किया और विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने 400 गायों के साथ इस गौशाला का संचालन जैन समाज के सेवाराम ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। इस गौशाला में सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भ्रमण के दौरान बैरसिया एसडीएम, जनपद सीईओ और उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

