home page

दतिया उपचुनाव हार की समीक्षा के लिए भाजपा ने बनाई दो सदस्यीय समिति, गौरव रणदीवे और अंबाराम कराड़ा को सौंपी जिम्मेदारी

 | 
दतिया उपचुनाव हार की समीक्षा के लिए भाजपा ने बनाई दो सदस्यीय समिति, गौरव रणदीवे और अंबाराम कराड़ा को सौंपी जिम्मेदारी


भोपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उपचुनाव के परिणामों का विश्लेषण करने के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है।

समिति में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को शामिल किया गया है। दोनों नेता चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करेंगे। समिति अपनी रिपोर्ट और सुझाव प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि समिति का उद्देश्य चुनाव परिणामों की निष्पक्ष समीक्षा कर संगठनात्मक कमियों और अन्य कारणों का आकलन करना है, ताकि भविष्य की चुनावी रणनीति को और मजबूत बनाया जा सके।

गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया। इससे पहले वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी थी। उपचुनाव में मिली हार के बाद पार्टी संगठन सक्रिय हो गया है। इस समिति के गठन को भाजपा द्वारा दतिया उपचुनाव की हार के कारणों की गहन समीक्षा और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे