मप्रः भोपाल शहर को ब्लैक स्पॉट फ्री एवं चौराहों को लेफ्ट टर्न फ्री बनाने के निर्देश
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में गुरूवार को भोपाल शहर की सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के सम्बन्ध में सड़क निर्माण एजेंसियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शहर को ब्लैक स्पॉट फ्री एवं चौराहों को लेफ्ट टर्न फ्री बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, प्रबंधक एनएचएआई आकाश चौकसे, सहायक महाप्रबंधक एमपीआरडीसी भोपाल आर.एस.कीर, एसईसीपीए पीडब्ल्यूडी सीमा प्रभाकर, एसई पीडब्ल्यूडी सुभाष पाटिल, ईई पीडब्ल्यूडी प्रीति यादव, अधीक्षण यंत्री नगर निगम भोपाल आर.आर. जारोलिया, जीएम भोपाल मेट्रो एच.ओ. शर्मा, ईई पीडब्ल्यूडी ब्रिज ए.आर.मौरे एवं सभी संबधित उपस्थित थे।
संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में भोपाल शहर एवं आस-पास की सड़कों में ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए प्रभावी करवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यातायात पुलिस, नगर निगम एवं सभी निर्माण एजेंसी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। शहर में जहाँ ब्लैक स्पॉट तत्काल दूर नहीं हो सकते वहाँ पर बेहतर एवं प्रभावी संकेतक लगाए जाएँ।
संभागायुक्त ने कहा कि आगामी जनवरी माह में भोपाल में जीआईएस प्रस्तावित है। उन्होंने भोपाल के आसपास सांची, भोजपुर जैसे पर्यटन स्थलों की सड़कों पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। मेट्रो के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कें सुधारने में तत्परता बरतने के निर्देश उन्होंने दिए। उन्होंने कहा कि समग्र रूप से यह सुनिश्चित करें कि सड़कें बेहतर हों और आम जनता को परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही मेट्रो वाले मार्गों की सड़कों के लिए मेट्रो एवं संबंधित निर्माण एजेंसी आपसी समन्वय के साथ निर्णय लें एवं मार्गों पर तत्काल प्रभाव से सुगम आवागमन सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में निर्देश दिए वर्षाकाल में खराब हुई सडकों को दुरुस्त करें एवं जलभराव की स्थिति नहीं हो। उन्होंने कहा कि भोपाल शहर में सड़कों के निर्माण एवं रख-रखाव के लिए बहुत सारी एजेंसी कार्य करती हैं। इन सभी एजेंसियों में परस्पर समन्वय रहना चाहिए। उन्होंने संत हिरदाराम नगर में बन रहे ओवर ब्रिज की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि यह निर्माण निर्धारित समय में पूरा होना चाहिए। आगामी 02 माह में बैरागढ मार्केट क्षेत्र में ब्रिज सम्बन्धी कार्य पूर्ण कर ट्रैफिक फ्री रोड करें।
संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों के रख-रखाव का कार्य तत्काल प्रभाव से करें। जहाँ कहीं भी शिकायत आती है वहाँ रिस्पांस टाइम अत्यंत कम होना चाहिए। शर्मा ने भोपाल शहर की ओर आने वाले मार्गों पर भी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। भोपाल बाय पास रोड रायसेन जंक्शन पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास एप्रोच रोड बनाने एवं रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए साइनेज, रेडियम लगाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट तय समय - सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

