भोपाल के बड़े तालाब में निकलेगी नौका तिरंगा यात्रा, 100 से ज्यादा नावों पर लहराएगा तिरंगा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव होंगे शामिल
भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बड़े तालाब में बुधवार को देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। यहां 100 से ज्यादा नावों के साथ नौका तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। नावों पर युवा और अन्य प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे नजर आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में यात्रा सुबह 11 बजे शुरू होगी।
यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने बोट क्लब पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से नावों के संचालन समेत सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने नावों के सुरक्षित संचालन, गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
आयोजन में युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के मुताबिक, बड़ी संख्या में तिरंगे के साथ नावों के तालाब में उतरने से जल क्षेत्र में आकर्षक दृश्य नजर आएगा।
बड़े तालाब पर दिखेगी तिरंगे की छटा
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। भोपाल की पहचान बड़े तालाब और उसके प्राकृतिक सौंदर्य से भी है। ऐसे में झील के जल क्षेत्र में नौका तिरंगा यात्रा शहर के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न नावों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रतिभागी यात्रा में शामिल होंगे। इससे बड़े तालाब पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिखाई देगा।
प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारियां
आयोजन को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नावों की आवाजाही के साथ सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती सहित अन्य अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

