भोपाल एयरपोर्ट पर 29 मार्च से लागू होगा समर शेड्यूल, नवीं मुंबई के लिए मिलेगी नई उड़ान, गोवा फ्लाइट होगी बंद
भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजाभोज विमानतल पर आगामी 27 मार्च को समर सीजन शेड्यूल लागू हो रहा है। इस सीजन में भोपाल को नए शहरों की कनेक्टिविटी के नाम पर केवल नवीं मुंबई तक एक नई उड़ान शुरू हो रही है, जबकि गोवा रूट पर संचालित इंडिगो की उड़ान 29 मार्च से बंद हो जाएगी।
राजाभोज विमानतल के निदेशक रामजी अवस्थी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि समर सीजन शेड्यूल के साथ भोपाल से हवाई कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी होने जा रही है। नए शेड्यूल के तहत नवी मुंबई और हैदराबाद के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिससे यात्रियों को पहले से अधिक विकल्प मिलेंगे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भोपाल से कुल 36 उड़ानों (18 जोड़ी) का संचालन होने लगेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से मंजूरी मिलने के बाद भोपाल से नया समर सीजन शेड्यूल लागू किया जा रहा है। नए शेड्यूल के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस मुंबई और हैदराबाद के लिए अतिरिक्त उड़ान शुरू करेगी। इससे इन दोनों शहरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी।
नए शेड्यूल के अनुसार भोपाल से दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद और रायपुर के लिए सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इन उड़ानों का संचालन इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाएगा। वहीं, समर सीजन में दिल्ली के लिए सबसे अधिक 7 दैनिक उड़ानों का संचालन होगा। इससे यात्रियों को दिन के अलग-अलग समय पर दिल्ली जाने का विकल्प मिलेगा। वहीं मुंबई के लिए चार, बेंगलुरु के लिए तीन और हैदराबाद के लिए दो उड़ानें उपलब्ध रहेंगी।
समर सीजन में एयर इंडिया एक्सप्रेस भोपाल में अपना बेस स्टेशन शुरू करने जा रही है। कंपनी बेंगलुरु के लिए उड़ान सेवा संचालित करते हुए यहां से अपनी गतिविधियां शुरू करेगी। हालांकि, गोवा जाने वाल यात्रियों को समर सीजन में परेशानी उठानी पड़ेगी, क्योंकि 29 मार्च से भोपाल-गोवा के बीच चलने वाली इंडिगो की फ्लाइट बंद हो जाएगी। ऐसे में यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी होगी या ट्रेन से लंबा सफर करना पड़ेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि समर सीजन में उड़ानों की संख्या बढ़ने से भोपाल से देश के प्रमुख शहरों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। एयरपोर्ट निदेशक रामजी अवस्थी के अनुसार समर शेड्यूल अक्टूबर तक लागू रहेगा और इस दौरान एयर कनेक्टिविटी में और विस्तार की संभावना भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

