home page

बैतूलः सेप्टिक टैंक में उतरे दो भाइयों की मौत, एक मजदूर की हालत गंभीर

 | 
बैतूलः सेप्टिक टैंक में उतरे दो भाइयों की मौत, एक मजदूर की हालत गंभीर


बैतूल, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में बुधवार शाम को सेप्टिक टैंक में उतरे दो भाइयों की जहरीली गैस से दम घुटने पर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मुलताई में भगतसिंह वार्ड निवासी ओमप्रकाश परमंडल के मकान में सेप्टिक टैंक का निर्माण चल रहा था। ग्राम डिवटिया निवासी विजय पंवार (38) और उनके छोटे भाई संजय पंवार (30) सेंट्रिंग का काम कर रहे थे, तभी वे इसकी चपेट में आ गए। एक भाई को बचाने के लिए दूसरा टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेप्टिक टैंक में सेंट्रिंग खोलने का कार्य किया जा रहा था। मजदूर संजय शाम करीब 6 बजे नीचे उतरा, जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो दूसरा मजदूर, उसका भाई विजय, उसे देखने के लिए नीचे उतरा। जब वह भी देर तक वापस नहीं आया तो तीसरे मजदूर मुकेश ने नीचे जाकर देखा तो दोनों बेहोश पड़े हुए थे। दोनों भाइयों को बेहोश देखकर वह शोर मचाने लगा। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को करीब 7:45 बजे मुलताई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विजय पंवार और संजय पंवार को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुकेश परिहार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजीव कहार, एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात की।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक करीब एक महीने से बंद था, जिससे उसमें जहरीली गैस जमा हो गई थी। आशंका है कि पहले संजय गैस की चपेट में आए, उन्हें बचाने उतरे विजय भी बेहोश हो गए। बाद में मुकेश भी प्रभावित हो गया। मौके पर कोई सुरक्षा उपकरण या मास्क उपलब्ध नहीं थे।

मुलताई अस्पताल के बीएमओ डॉ. गजेन्द्र मीणा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर दम घुटने और जहरीली गैस की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर