home page

बैतूलः पारसडोह में ताप्ती नदी पर 18.11 करोड़ की लागत से बने उच्चस्तरीय पुल का हुआ लोकार्पण

 | 
बैतूलः पारसडोह में ताप्ती नदी पर 18.11 करोड़ की लागत से बने उच्चस्तरीय पुल का हुआ लोकार्पण


- 25 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

बैतूल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में पारसडोह में ताप्ती नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। मुलताई एवं आठनेर विकासखंड के करीब 25 गांवों के ग्रामीणों को अब आवागमन की बारहमासी सुविधा मिलेगी। पूर्व में नदी पार करने के दौरान विशेषकर बारिश के दिनों में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है।

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रविवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत एनएच-69 साइखेड़ा, खेड़ीकोर्ट, पारसडोह, धनोरा मार्ग पर ताप्ती नदी पर लगभग 18 करोड़ 11 लाख 71 हजार रुपये की लागत से निर्मित उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, योग आयोग के अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार, कृष्णा गायकी, रेखा सोलंकी, नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा जगताप, जनपद सदस्य पूर्णिमा धाकड़, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल, एसडीएम अजीत मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पारसडोह को पर्यटन एवं तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के होंगे प्रयास : केंद्रीय मंत्री उइके

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने क्षेत्रवासियों को पुल की सौगात मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा को नई दिशा प्रदान करेगा। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। हमारा संकल्प बैतूल जिले को स्वर्णिम जिला बनाकर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ जिलों में शामिल करना है। क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल के कुशल एवं प्रेरक नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री उइके ने कहा कि जिले की समस्याओं का समाधान, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को गति देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पारसडोह स्थित साधना स्थली के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस स्थल को पर्यटन एवं तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जानी चाहिए, ताकि प्रदेश एवं देशभर से श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच सकें। इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

15-20 वर्षों की मांग हुई पूरी, 25 गांवों को मिलेगा लाभ : खंडेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पारसडोह में ताप्ती नदी पर पुल निर्माण क्षेत्रवासियों की पिछले 15-20 वर्षों से चली आ रही मांग थी, जो आज पूरी हुई है। पुल से लगभग 25 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने पुल निर्माण के लिए विशेष प्रयास करने पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पारसडोह क्षेत्र ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व रखता है और यहां जिलेभर से लोग पहुंचते हैं। इस स्थल को पर्यटन एवं तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।

पारसडोह से शुरू हुई थी प्रदेश की पहली सामूहिक नल-जल योजना

खंडेलवाल ने कहा कि पारसडोह क्षेत्र से ही मध्यप्रदेश की पहली सामूहिक नल-जल योजना की शुरुआत हुई थी। लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस योजना के माध्यम से 22 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने की पहल की गई थी। आज प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में इस तरह की योजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि बैतूल जिले के 400 से अधिक गांवों तक पेयजल पहुंचाने के लिए वर्धा, गढ़ा और मेंढा आधारित योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। आगामी छह माह में जल स्रोतों से पानी फिल्टर कर गांवों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

जल संरक्षण में सभी नागरिक करें सहयोग, पेयजल उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता

खंडेलवाल ने कहा कि इस वर्ष जिले में पिछले 25 वर्षों की तुलना में सबसे कम वर्षा हुई है। बांधों में भी जलस्तर काफी कम है। ऐसे में खेती के साथ-साथ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ट्यूबवेल खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा विशेष आवश्यकता होने पर प्रशासन की अनुमति से ही इसकी व्यवस्था की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में सामुदायिक भवन निर्माण के साथ विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधार के प्रस्तावों पर भी काम किया जा रहा है। राज्य सरकार के सहयोग से पारसडोह, घोघरी, मेंढा, वर्धा, निर्गुड और गढ़ा सहित विभिन्न स्थानों पर बांध निर्माण के कार्य हुए हैं। भविष्य में जहां भी तकनीकी एवं आर्थिक दृष्टि से संभावनाएं होंगी, वहां नए बांध निर्माण के प्रयास किए जाएंगे, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर