home page

बड़वानीः चलती बस में अचानक निकलने लगा धुआं, चालक की सूझबूझ से टला बसा हादसा

 | 
बड़वानीः चलती बस में अचानक निकलने लगा धुआं, चालक की सूझबूझ से टला बसा हादसा


बड़वानी, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेंधवा के पास सोमवार को एक चलती बस में अचानक धुआं उठने लगा। बस चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बर्मन ट्रेवल्स की बस सेंधवा से बड़वानी की ओर जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर करीब 10:30 बजे साली कला गांव के पास बस से धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद बस की जांच की गई। सूचना मिलते ही बालसमुद पुलिस और सेंधवा से फायर ब्रिगेड का वाहन भी मौके के लिए रवाना हो गया था।

बस चालक ने बताया कि एक्सीलेटर पाइप फटने के कारण यह घटना हुई। टर्बो इंजन के एक्सीलेटर पाइप फटने के बाद ऑयल निकलने लगा, जिससे धुआं उठा। आग लगने जैसी कोई घटना नहीं घटी थी।

बालसमुद चौकी प्रभारी एएसआई संजय शर्मा ने बताया कि 32 सीटर बस में करीब 20 से अधिक सवारियां सवार थीं, जिन्हें बस स्टाफ की सूझबूझ से तुरंत बस से उतार लिया गया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दूसरी बस के माध्यम से सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर