home page

बालाघाट जिले के रामपायली में ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी, 18 मजदूर घायल

 | 
बालाघाट जिले के रामपायली में ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी, 18 मजदूर घायल


बालाघाट, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में रामपायली थाना क्षेत्र में ग्राम पुनी-बटरमारा पुलिया के बीच रविवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 18 खेतीहर मजदूर घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं।

दरअसल, पिकअप सवार मजदूर रविवार को खरीफ सीजन में धान की रोपाई के लिए निकले थे। रामपायली थाना क्षेत्र के बटरमारा पुल के पास सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच मजदूरों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में दो महिलाएं सुनीता गजबिये और सविता लिल्हारे की गंभीर हालत को देखते हुए गोंदिया रेफर किया गया है, जबकि एक महिला का शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी घायल ग्राम डोंगरमाली और बिटोली की निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, वर्तमान में चल रहे खेती के कार्य के चलते मजदूरों को वाहन में भरकर लाया जा रहा था। सभी मजदूर नेवरगांव में धान की रोपाई (पराह) लगाने जा रही थे, तभी बटरमारा पुल के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर