बालाघाटः मासूम अयांश को मिली नई जिंदगी की उम्मीद, पीएमश्री एयर एम्बुलेंस से मुंबई रवाना
- आयुष्मान योजना से होगा नि:शुल्क उपचार
भोपाल, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार गंभीर बीमारियों से पीड़ितों को पीएमश्री एम्बुलेंस योजना से तत्परतापूर्वक उन्नत स्वास्थ्य संस्थानों में भेजकर नवजीवन प्रदान किया जा रहा है। बालाघाट जिले के चार माह के मासूम अयांश मसराम पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना से नई जिंदगी की उम्मीद मिली है।
कटंगी विकासखंड के ग्राम देवरी बुजुर्ग निवासी अयांश को बालाघाट में आयोजित विशेष शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा तत्काल सर्जरी की आवश्यकता बताए जाने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई कर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की। गंभीर हृदय रोग से पीड़ित अयांश का उपचार एवं आवश्यक सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क होगी।
मासूम अयांश को गुरुवार को जिला चिकित्सालय बालाघाट से एम्बुलेंस द्वारा महाराष्ट्र के गोंदिया जिले स्थित बिरसी एयरपोर्ट पहुंचाया गया। वहां से प्रातः 10 बजे पीएमश्री एयर एम्बुलेंस से मुंबई के नारायण हृदयालय के लिए एयरलिफ्ट किया गया। बीते दो दिनों से जिला अस्पताल के पीआईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में अयांश का उपचार किया जा रहा था। अयांश के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की संवेदनशील पहल ने उनके बच्चे को नया जीवन मिलने की उम्मीद दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

