home page

बालाघाटः संभागायुक्त ने ग्राम घुम्मुर और मछुरदा में जन चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

 | 
बालाघाटः संभागायुक्त ने ग्राम घुम्मुर और मछुरदा में जन चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं


भोपाल, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने बुधवार को बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के बैगा जनजाति बाहुल्य ग्राम घुम्मुर और मछुरदा में विशेष शिविर-सह-जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

संभागायुक्त ने कहा कि बैगा जनजाति के पात्र परिवारों को शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समय पर मिले, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ सैचुरेशन मोड में कार्य करें। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में बिजली, पानी, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, रोजगार एवं आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं की सतत उपलब्धता अधिकारी सुनिश्चित करें।

वनाधिकार पट्टों के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण

संभागायुक्त द्वारा राजस्व एवं वन विभाग की समीक्षा के दौरान अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जाति प्रमाण-पत्र तथा वनाधिकार पट्टों से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों द्वारा वनाधिकार पट्टे के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। संभागायुक्त ने डीएफओ को वनाधिकार से संबंधित प्रकरणों की जांच एवं निराकरण की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। पशु हानि के मुआवजे तथा किसान क्रेडिट कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। मछुरदा कैम्प में किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सहायक प्रबंधक प्राथमिक सहकारी संस्था बिठली को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान

चौपाल में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीकाकरण, जननी सुरक्षा, प्रसव सहायता, वर्षाजनित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार तथा दस्तक-सह-स्टॉप डायरिया अभियान की प्रगति की जानकारी ली गई। महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित पोषण संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। विभागीय योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था में लापरवाही पर कार्यवाही के नोटिस

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पेयजल स्रोतों के नियमित परीक्षण एवं क्लोरीनेशन की स्थिति की जानकारी ली गई। हैंडपंपों के सुधार और समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित नहीं किए जाने पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। वही पशुओं में टीकाकरण नहीं होने पर उप संचालक पशुपालन के विरुद्ध भी कार्यवाही हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी और आवश्यक सुधार कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

रोजगार और आजीविका के साधन उपलब्ध कराने के निर्देश

चौपाल में ग्रामीणों से रोजगार एवं आजीविका के संबंध में भी चर्चा की गई। बकरी पालन, मुर्गी पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के लिए ग्रामीणों से आवेदन लिए गए। कैम्प में हितग्राहियों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ग्रामीणों को स्थायी आजीविका के साधन उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। जनजातीय विभाग को सभी पात्र बैगा परिवारों को आहार अनुदान योजना का लाभ समय पर दिलाने तथा राशि हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पीएचसी घुम्मुर और हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का निरीक्षण

जन चौपाल से पहले संभागायुक्त सिंह ने ग्राम घुम्मुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टीकाकरण और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

संभागायुक्त ने ग्रामीण विकास विभाग से प्रधानमंत्री आवास, जनमन आवास, व्यक्तिगत शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता के प्रकरणों की समीक्षा की। खाद्य विभाग को मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना एवं उज्ज्वला योजना का लाभ पात्र ग्रामीणों को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर कुमार सत्यम, सीसीएफ गौरव चौधरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तनुश्री मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर