home page

मप्रः श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर 7 स्थलों पर होगा प्राकट्य पर्व का आयोजन

 | 
मप्रः श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर 7 स्थलों पर होगा प्राकट्य पर्व का आयोजन


- लोक एवं भक्ति गायन के साथ नृत्य में दिखेगी श्रीराम की महिमा

भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराने के उद्देश्य से प्राकट्य पर्व का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार, 27 मार्च को सात स्थलों पर श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया जाएगा

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन सात स्थलों - श्रीराम राम राजा मंदिर प्रांगण ओरछा धाम (निवाड़ी), भरत घाट – चित्रकूट (सतना), श्रीराम जानकी (पंचायती) मंदिर - शहडोल, मंगल भवन परिसर – उमरिया, जुगल किशोर मंदिर प्रांगण – पन्ना, सीतामढ़ी – कोतमा (अनूपपुर) और अहमदपुर – बरेली (रायसेन) पर कार्यक्रम सायं 7 बजे से प्रारंभ होगा और कार्यक्रम में सभी का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। श्रीराम के सम्बन्ध में पौराणिक मान्यताओं के साथ स्थानीय स्तर पर भी अनेक आख्यान, जनश्रुतियां प्रचलित हैं, जो आम जनमानस में विश्वास के रूप में मान्य है। संस्कृति विभाग द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव की गरिमा के अनुरूप, धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताओं को दृष्टिगत रखते हुए ‘प्राकट्य पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है।

ओरछा धाम में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बुन्देली लोक गायन की प्रस्तुति मुस्कान प्रजापति, छतरपुर द्वारा दी जाएगी। इसके बाद श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका माण्डवी अजय आरोणकर, भोपाल के निर्देशन में होगी। वहीं, सुविख्यात गायिका सौम्या शर्मा, विदिशा द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

चित्रकूट में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बघेली लोक गायन की प्रस्तुति स्नेहा मिश्रा, मऊगंज द्वारा दी जाएगी। इसके बाद श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका तरुणा सिंह, ग्वालियर के निर्देशन में होगी। सुविख्यात भजन गायक शर्मा बंधु, उज्जैन द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

शहडोल में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बघेली लोक गायन की प्रस्तुति रीता तिवारी, रीवा द्वारा दी जाएगी। इसके बाद हनुमान लीला का मंचन अखण्ड सुदर्पण जन कल्याण समिति, खण्डवा के कलाकारों द्वारा होगा। सुविख्यात गायिकाभारती विश्वनाथन, भोपाल द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

उमरिया में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बघेली लोक गायन की प्रस्तुति मुनीन्द्र मिश्रा, शहडोल द्वारा दी जाएगी। इसके बाद श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति डॉ. नेहा विश्वकर्मा, जबलपुर के निर्देशन में होगी। गायिका पल्लवी तिवारी, सिवनी द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

पन्ना में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बुन्देली लोक गायन की प्रस्तुति खुशी तिवारी, छतरपुर द्वारा दी जाएगी। इसके बाद श्रीराम केन्द्रित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति मनस्वी भोजने, भोपाल के निर्देशन में होगी। गायक यश गोपाल श्रीवास्तव, सागर द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

कोतमा, अनूपपुर में होने वाले कार्यक्रम में सर्वप्रथम बघेली लोक गायन की प्रस्तुति श्री अजय कुमार, सीधी द्वारा दी जाएगी। इसके बाद रामलीला की प्रस्तुति अरविंद कुमार पटेल, सीधी के निर्देशन में होगी। वहीं, गायक सुजीत तिवारी, वाराणसी द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर