home page

मप्र विधानसभाः राज्य मंत्री लोधी ने सदन में गिनाई संस्कृति, पर्यटन विभाग की उपलब्धियां

 | 
मप्र विधानसभाः राज्य मंत्री लोधी ने सदन में गिनाई संस्कृति, पर्यटन विभाग की उपलब्धियां


भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 10वें दिन शुक्रवार को प्रदेश के राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद विभाग की उपलब्धियां गिनाईं।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि सरकार साहित्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक और क्षेत्रीय परंपराओं सहित सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि तानसेन समारोह को भव्य रूप में आयोजित किया गया है और ओंकारेश्वर में एकात्मधाम विकसित किया जा रहा है। राज्य की 15 धरोहरों को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल कराया गया है, जबकि ओरछा को स्थायी सूची के लिए भेजा गया है। साथ ही अशासकीय सांस्कृतिक संस्थाओं को आर्थिक अनुदान भी दिया जा रहा है।

पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मंत्री लोधी ने कहा कि नई पर्यटन नीति और फिल्म नीति 2025 लागू की गई है तथा सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई सेवाओं को लोक सेवा गारंटी में जोड़ा गया है। पर्यटन श्री वायु सेवा और हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई हैं, 17 धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है और विदेशी पर्यटकों के ठहरने के लिए 400 से अधिक होम-स्टे तैयार किए गए हैं। महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थलों की अवधारणा पर भी काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य को बेस्ट सस्टेनेबल टूरिज्म का अवॉर्ड मिला है और भोपाल के तालाब में शिकारा सेवा शुरू की गई है। चंदेरी में पर्यटन विस्तार को भी सम्मान मिला।

मंत्री लोधी ने कहा कि रीवा और ग्वालियर में आयोजित क्षेत्रीय निवेश सम्मेलनों में 6500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले। पिछले वर्ष राज्य में 14 करोड़ से ज्यादा पर्यटक आए। धार्मिक न्यास विभाग के तहत उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 2 ज्योतिर्लिंग और 4 शक्तिपीठ हैं, 21 करोड़ रुपये से 127 मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया तथा 42 करोड़ रुपये खर्च कर 19,200 श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर