home page

मप्रः तेंदुओं के अवैध शिकार और अंगों की तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

 | 
मप्रः तेंदुओं के अवैध शिकार और अंगों की तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार


- अब तक तीन राज्यों से 15 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी

भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अंतरराज्यीय शिकार एवं तस्करी गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने 10 तेंदुओं के अवैध शिकार एवं तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने गुरुवार को बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं उनके बयानों के आधार पर एसटीएसएफ ने 26 अगस्त 2026 को मुरैना निवासी सुखदेव पुत्र सर्वेश को गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय, शिवपुरी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, यह प्रकरण मध्य प्रदेश शासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि गिरोह द्वारा श्योपुर और मुरैना जिलों में 10 तेंदुओं का शिकार किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। ये क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील ‘चीता लैंडस्केप’ के अंतर्गत आते हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस मामले में अब तक हरियाणा, मध्य प्रदेश और दिल्ली के निवासी कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में तेंदुओं के अंग बरामद किए गए हैं। शिकार में प्रयुक्त कुल 6 लेग होल्ड ट्रैप और 1 चाकू भी जब्त किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर