आगरमालवाः नलखेड़ा नगर बंद रहा, प्रशासन से बातचीत रही बेनतीजा
आगरमालवा, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी मंदिर के पास हाल में हुई कार दुर्घटना के बाद जारी आंदोलन अब और तेज हो गया है। जिसके चलते रविवार को नलखेड़ा पूरी तरह से बंद रहा। प्रदर्शनकारियों द्वारा हादसे के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने, नाले की पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने और मंदिर मार्ग पर सुरक्षा के स्थाई इंतजाम करने जैसी मांग की जा रही है।
नलखेड़ा नगर बंद के बीच प्रदर्शनकारियों से कलेक्टर डाॅ शेरसिंह मीना व पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बातचीत की, लेकिन मांगों को लेकर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। बातचीत बेनतीजा रहने के बाद प्रदर्शनकारियों ने आगे भी बंद जारी रखने का ऐलान किया है. खास बात यह है कि नगर बंद के साथ-साथ ही मंदिर में होने वाले हवन-अनुष्ठान भी बंद हैं।
यह आंदोलन नलखेड़ा में 8 श्रद्धालुओं की मौत के बाद शुरू हुआ है। बैठक के बाद प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, नलखेड़ा बंद जारी रहेगा. वहीं, आंदोलन के समर्थन में मंदिर परिसर और बाहर हवन-अनुष्ठान कराने वाले पंडित और आचार्य भी अनुष्ठान बंद रखे हुए हैं।
सुसनेर एसडीपीओ देवनारायण यादव ने बताया कि नगरवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की मांग रखी. इस पर कलेक्टर की ओर से आश्वासन दिया गया कि व्यवस्थाओं में सुधार और सुविधाएं बढ़ाने को लेकर मिले सुझावों पर विचार किया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. मंदिर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर काम किया जाएगा. मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, इन बैठकों में कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में नगरवासियों से सुझाव लिए जाएंगे.
गौरतलब है कि गत 19 सितंबर को आगरमालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास हुए हादसे में तेज बारिश के दौरान बरसाती नाले का पानी बढ़ने से श्रद्धालुओं से भरी एक कार तेज बहाव में बह गई थी। इस हादसे में कार में सवार 8 लोगों की मौत हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

