home page

मप्रः शाजापुर में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान

 | 
मप्रः शाजापुर में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान


शाजापुर, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर बुधवार को एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैली और ट्रक धू-धूकर जलने लगा। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद से फॉर्च्यून और कैटरिंग का सामान लेकर बिहार जा रहे एक ट्रक में बुधवार सुबह करीब आठ बजे अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर पदस्थ प्रधान आरक्षक पवन शर्मा और पायलट अंकित मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सूचना मिलते ही कोतवाली थाना, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब तीन से चार दमकल वाहनों की मदद से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक में रखा फॉर्च्यून और कैटरिंग का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

ट्रक में लगी आग इतनी भीषण थी कि लपटें और धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। इस घटना के शाजापुर से सारंगपुर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः चालू कर दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कितने का सामान जला है, इसका आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर