home page

मप्र के गुना में आग का गोला बनी चलती कार, ओरछा से दर्शन कर लौट रहा परिवार बाल-बाल बचा

 | 
मप्र के गुना में आग का गोला बनी चलती कार, ओरछा से दर्शन कर लौट रहा परिवार बाल-बाल बचा


गुना, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना शहर में बड़े पुल के पास रविवार की रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार सवार परिवार ने किसी तरह अपनी जान जान बचाई। घटना में कार पूरी तरह जल गई। जाम के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में आधा घंटा लग गया।

जानकारी के अनुसार, इंदौर के रहने वाले अंशुल मांडलिक अपने परिवार के साथ ओरछा दर्शन करने के लिए गए थे। शनिवार को वह झांसी में रुके। रविवार को दर्शन करने के बाद वह वापस इंदौर लौट रहे थे। कार में इनके साथ तीन महिलाएं, दो बच्चे थे। रविवार शाम वह गुना पहुंचे। रात करीब 8:50 बजे जैसे ही उनकी कार गुना शहर के बड़े पुल के पास पहुंची, अचानक कार में से धुआं उठने लगा। गाड़ी चला रहे अंशुल ने तत्काल गाड़ी को सड़क किनारे लगाई और पूरे परिवार को गाड़ी से उतारा। देखते हुए देखते गाड़ी ने आग पकड़ ली और पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई।

अंशुल ने राहगीरों से फायर ब्रिगेड को बुलाने का निवेदन किया, जिसके बाद राहगीरों ने फायर ब्रिगेड को कॉल किया। सड़क के दोनों तरफ जाम लग जाने के कारण एम्बुलेंस को गाड़ी तक पहुंचने में लगभग आधा घंटा लग गया। तब तक आग पूरी तरह जल गई। गाड़ी में सीएनजी किट लगी हुई थी। हादसे में आग पूरी तरह जल गई। कार जल जाने के कारण परिवार पर आगे जाने को साधन नहीं बचा। ऐसे में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा के बेटे अक्कू सलूजा आगे आए और उन्होंने परिवार को अपने होटल में आश्रय दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर