home page

मप्रः पीथमपुर में बोरवेल-मशीन ने नीचे सो रहे तीन मजदूरों को कुचला, तीनों की मौके पर मौत

 | 
मप्रः पीथमपुर में बोरवेल-मशीन ने नीचे सो रहे तीन मजदूरों को कुचला, तीनों की मौके पर मौत


धार, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मंगलवार तड़के बोरवेल-मशीन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। तीनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और बोरवेल मशीन के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक को रिवर्स किया, तभी पिछला टायर मजदूरों पर चढ़ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा ग्राम गवला में मंगलवार तड़के करीब चार बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर बोरवेल का काम चल रहा था। सोमवार को रातभर काम के बाद थके हुए मजदूर बोरिंग मशीन वाहन के साथ चलने वाली सपोर्टिंग एयर गाड़ी के नीचे आराम करने के लिए लेट गए, तभी चालक ने लापरवाही पूर्वक ट्रक को रिवर्स कर दिया। उसे नीचे सो रहे मजदूरों का आभास नहीं हुआ और ट्रक का पिछला टायर सीधे उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रामचरण (56) पुत्र मेघनाद निवासी खरधाढ़ी (छत्तीसगढ़), भानुप्रताप (19) पुत्र त्रिभुवन साय निवासी सोनगेरसा (छत्तीसगढ़) और अरविंद (22) पुत्र नमूलराम करमापारा, (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, यह घटना ड्राइवर की लापरवाही कारण हुई, क्योंकि बिना किसी सावधानी या जांच के अंधेरे में भारी वाहन को पीछे लिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर