मप्रः 52वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी तक
- विशेष एक्टिविटी के लिए इस बार होगा खजुराहो कार्निवाल का आयोजन
छतरपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। संस्कृति विभाग, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी म.प्र. संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा 52वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी 2026 तक कंदरिया महादेव एवं देवी जगदंबा मंदिरों के मध्य में आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी मंगलवार शाम को खजुराहो नगर परिषद में छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में हुई स्थानीय समिति की बैठक में दी गई। बैठक में नगर परिषद खजुराहो अध्यक्ष अरुण अवस्थी, एसपी अगम जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल डीएटीसीसी जी.एस. पटेल, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, डॉ. पूजा शुक्ला डिप्टी डायरेक्टर, प्रकाश सिंह ठाकुर निदेशक उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल, नगरपरिषद सीएमओ बसंत चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों से सुझाव लिए गए।
कलेक्टर ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा खजुराहो में स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संज्ञान में आने पर शिवसागर तालाब में मगरमच्छ होने के संबंध में वन विभाग एवं नगरपरिषद को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही संस्कृति विभाग एवं एसडीएम को मीडिया कव्हरेज से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ 20 फरवरी को शाम 6:30 बजे किया जाएगा। समारोह में कलावार्ता, सृजन, हुनर, स्वाद, लयशाला, आर्ट मार्ट, राष्ट्रीय बाल नृत्य महोत्सव, खजुराहो कार्निवाल, नटराज एवं मध्य प्रदेश पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होगी। खजुराहो कार्निवाल 18 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

