home page

(अपडेट) मप्रः सीहोर की रुद्रांश डेयरी से भारी मात्रा में तैयार 32 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त

 | 
(अपडेट) मप्रः सीहोर की रुद्रांश डेयरी से भारी मात्रा में तैयार 32 क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त


भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल संभाग के संभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीहोर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मनोज पुष्प ने गुरुवार को बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर संभागीय उड़नदस्ता टीम के माध्यम से पचामा, सीहोर स्थित रुद्रांश डेयरी (निर्माण संस्थान) पर बुधवार की रात छापा मारा गया। संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में सदस्य अरुणेश पटेल, धर्मेन्द्र नुनईयां एवं स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्लाट नं. 3, इंडस्ट्रियल एरिया पचमा - महोरिया, जिला सीहोर स्थित फर्म रुद्रांश डेयरी में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर संस्थान में मानव उपभोग हेतु पनीर एवं अमानक/अदृश्य खाद्य पदार्थों (एनालॉग पनीर) का निर्माण व संग्रहण किया जा रहा था। पनीर का निर्माण अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्य परिस्थितियों में किया जा रहा था। मौके पर पनीर निर्माण स्थल पर नमक, शक्कर आदि संग्रहित पाये गये, जिन्हे पनीर में मिलाया जा कर मिलावटी/एनालॉग पनीर बनाये जाने की संभावना है, मौके पर दल द्वारा बिल फाइल आदि जिससे भारी मात्रा में पनीर तैयार कर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर विक्रय किया जाना पाया गया है।

निरीक्षण के दौरान फर्म संचालक द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज जैसे स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, उपयोग होने वाले पानी की जाँच रिपोर्ट आदि प्रस्तुत नहीं की गई निर्माता द्वारा जहा पनीर का निर्माण किया जा रहा था उस का फर्श टुटा हुआ तथा नालियां खुली अवस्था में पाई गई जिससे पनीर के दुषित होने की पूर्ण संभावना है साथ ही पनीर निर्माण स्थल के पास कर्मचारियों द्वारा गुटका खा कर थूकने के प्रमाण भी पाये गये अतः दल द्वारा अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्य परिस्थितियों मे पनीर का निर्माण पाये जाने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित किये जाने की अनुशंसा की गई साथ ही संदिग्ध के आधार पर लो-फेट पनीर, पनीर खुला, नमक, शक्कर, मिक्स दूध एवं बिना लेवल वाला पेक्ड पनीर के नमूने लिये जा कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गये है एवं मौके पर रखा हुआ 32 क्विंटल पनीर (जप्ती मूल्य सात लाख अडसठ हजार रूपये) जप्त कर जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने तक उनकी बिक्री रोकी गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संबधित निर्माता के विरुद्ध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध गुण-दोष के आधार कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के दौरान स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलिन पन्ना, भावना ठाकुर, ज्योति बंसल, दीपाली कांगे एवं अखिलेश गंगवाल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर