home page

मप्रः जनविश्वास अभियान के तहत 5218 शिविरों में 2 लाख 28 हजार 121 शिकायतों का निराकरण

 | 
मप्रः जनविश्वास अभियान के तहत 5218 शिविरों में 2 लाख 28 हजार 121 शिकायतों का निराकरण


भोपाल, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति की दिशा में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित संपर्क अभियान 2026 को उल्लेखनीय सफलता मिली है। गत 14 मई से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के अंतर्गत भोपाल एवं ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में अब तक 5218 विशेष शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 2 लाख 28 हजार 121 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

भोपाल रीजन के वृत्तों में लगे शिविर

विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि भोपाल रीजन के अंतर्गत शहर वृत्त भोपाल में 385 शिविरों में 23,299 शिकायतों का निराकरण किया गया। बैतूल (ओ एंड एम) वृत्त में 468 शिविरों में 26,750 शिकायतों का निराकरण, भोपाल (ओ एंड एम) वृत्त में 260 शिविरों में 9,852 शिकायतों का निराकरण, हरदा वृत्त में 137 शिविरों में 18,023 शिकायतों का निराकरण, नर्मदापुरम वृत्त में 367 शिविरों में 28,483 शिकायतों का निराकरण, रायसेन वृत्त में 263 शिविरों में 16,986 शिकायतों का निराकरण, राजगढ़ वृत्त में 369 शिविरों में 5,038 शिकायतों का निराकरण, सीहोर वृत्त में 346 शिविरों में 7,841 शिकायतों का निराकरण तथा विदिशा वृत्त में 221 शिविरों में 11,592 शिकायतों का निराकरण किया गया।

ग्वालियर रीजन के वृत्तों में लगे शिविर

इसी तरह ग्वालियर रीजन के अंतर्गत शहर वृत्त ग्वालियर में 309 शिविरों में 6,522 शिकायतों का निराकरण किया गया। वहीं अशोकनगर वृत्त में 154 शिविरों में 16,491, भिंड (ओ एंड एम) वृत्त में 295 शिविरों में 5,926, दतिया (ओ एंड एम) वृत्त में 182 शिविरों में 8,029, गुना वृत्त में 266 शिविरों में 9,557, ग्वालियर (ओ एंड एम) वृत्त में 258 शिविरों में 4,447, मुरैना वृत्त में 407 शिविरों में 16,706, श्योपुर (ओ एंड एम) वृत्त में 182 शिविरों में 5,048 तथा शिवपुरी वृत्त में 349 शिविरों में 7,531 शिकायतों का निराकरण किया गया।

इन शिकायतों और सेवाओं पर हुआ त्वरित काम

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करना है। शिविरों में मुख्य रूप से त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग एवं अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया। साथ ही मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन प्रदान किए गए। इसके अलावा भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), बंद/खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज संबंधी समस्याओं का समाधान, ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों का निराकरण, बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि जमा कराने सहित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर