home page

मप्र के ओरछा में सीएनजी सिलिंडर फटने से एक ही परिवार के 12 सदस्य घायल

 | 
मप्र के ओरछा में सीएनजी सिलिंडर फटने से एक ही परिवार के 12 सदस्य घायल


- घायलों को मुहैया कराया जायेगा बेहतर स्वास्थ्य लाभ : मंत्री कुशवाह

भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर एक घर में हुए जोरदार धमाका हो गया। यहां वार्ड क्रमांक-1 के स्टेशन मोहल्ले में कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद के मकान में अचानक सीएनजी सिलिंडर फट गया। हादसे में एक ही परिवार के 12 सदस्य झुलस गए। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने ओरछा में वार्ड क्रमांक-1 में एलपीजी गैस सिलेण्डर के रिसाव के कारण आग लगने से हुए घायलों के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी दूरभाष पर प्राप्त की। उन्होंने कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिये।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में रखे सीएनजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान गैस में आग लग गई और देखते ही देखते सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस डॉयल-112 की टीम द्वारा मुस्तैदी से समय रहते नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया था। इस कारण जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव को विस्फोट की वजह माना जा रहा है। मंत्री कुशवाह ने घायलों को नि:शुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर