मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव देखकर लौट रहीं महिलाओं को ट्रक ने कुचला, सास-बहू समेत तीन की माैत, चालक गिरफ्तार
मुरैना, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव का कार्यक्रम देखकर घर लौट रहीं तीन महिलाओं की शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में घिरोना हनुमान मंदिर के पास दिल्ली की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। दुर्घटना में तीनों महिलाओं की जान चली गई। मृतकों में सास-बहू भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, हरफूल का पुरा गांव की करीब 15 महिलाएं मुरैना में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव देखने गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी महिलाएं पैदल अपने गांव की ओर लौट रही थीं। इस दाैरान घिरोना हनुमान मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक हाईवे किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान कमला कुशवाहा (50) पत्नी फूल सिंह कुशवाहा, कमला कुशवाहा (48) पत्नी बालकिशन और पूनम कुशवाहा (28)पत्नी धर्मवीर कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूनम और कमला रिश्ते में सास-बहू थीं। तीनों महिलाएं एक ही गांव हरफूल का पुरा की रहने वाली थीं। तीसरी महिला का परिवार से संबंध भी बताया जा रहा है।
ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, दुकानों को भी नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। महिलाओं को टक्कर मारने के बाद वाहन हाईवे किनारे दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा और ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाया गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और अन्य टीमों ने ट्रक को हटाकर सड़क खाली कराई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
चालक गिरफ्तार, जांच जारी
सिविल लाइंस थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के अनुसार पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।घटना के बाद हरफूल का पुरा गांव में मातम पसरा हुआ है। जन्मोत्सव देखकर लौट रही महिलाओं के साथ हुए हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

