मुरैना: हाईवे का फुटपाथ धंसा, रेत से भरा डंपर पलटा, ट्रांसफार्मर से टकराया वाहन, बड़ा हादसा टला
मुरैना, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-552 (जौरा रोड) पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाईवे के किनारे बना फुटपाथ अचानक धंस जाने से रेत से भरा एक भारी-भरकम डंपर पलट गया और पास में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जा टकराया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि ट्रांसफार्मर और बिजली खंभे को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर आरजे 11 जीसी 5353 का डंपर बैरियर चौराहा से जौरा की ओर रेत लेकर जा रहा था। मथुरा मार्केट के समीप एक अन्य वाहन को रास्ता देने के लिए चालक ने डंपर को सड़क किनारे उतारा। जैसे ही टनों वजनी डंपर के पहिए फुटपाथ पर पहुंचे, जमीन धंस गई और वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते डंपर पलट गया तथा उसके आधे पहिए जमीन में धंस गए। हादसे के दौरान डंपर की बॉडी पास में लगे बिजली ट्रांसफार्मर और खंभे से टकरा गई। डंपर से फैली रेत ने करीब 15 फीट ऊंचाई पर स्थापित ट्रांसफार्मर को आधा ढंक दिया, जबकि खंभा भी तिरछा हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। डंपर में परिवहन की जा रही रेत को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर रेत सिंध नदी क्षेत्र की बताई जा रही है, लेकिन चंबल क्षेत्र से अवैध उत्खनन की आशंका के चलते वन विभाग की टीम को बुलाया गया। अधिकारियों ने रेत के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, फुटपाथ धंसने की वजह और हाईवे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

