home page

मुरैना : गैस पाइप लाइन में लीकेज के बाद लगी आग, चार लोग झुलसे

 | 


मुरैना, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में गैस पाइन लाइन लीकेज होने के बाद आग लग गई। जिससे मिठाई दुकान के चार कर्मचारी झुलस गए। आग लगते ही हंगामा मच गया। तुरंत ही फायर बिग्रेड को बुलाया गया। कई गाडी फेंककर काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। हादसा मुरैना शहर के मुख्य मार्ग एमएस रोड पर नेहरू पार्क तिराहे का है।

जानकारी के अनुसार गुरूवार सुबह नगर निगम का अमला पानी की लाईन की मरम्मत कर रहा था। जिसके लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। वहां से गैस की पाइपलाइन भी गुजरी हुई थी। खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण आग लग गई। आगजनी की सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची मौके पर, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर तकनीकी सहायता की। यह तो गनीमत रही कि समय रहते आग को काबू कर लिया गया। क्योकि पास ही पेट्रोल पंप भी है। अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं इस घटना के बाद मौके पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। खबर मिलते ही पुलिस भी आ गई। किसी तरह बड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यहां के डायवर्सन प्लान बनाया जा रहा है।

मुरैना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रपाल सिंह डाबर का कहना है कि नगर निगम द्वारा लीकेज को लेकर पानी की मरम्मत का काम चल रहा था। उसी दौरान गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण जाम की स्थिति बन रही थी। हमने कुछ डायवर्सन प्लान बनाया है। जिससे जाम की स्थिति न हो। आग से नजदीक की दुकान में एक दुकान की तिरपाल में आग लग गई थी।

नगर निगम कर्मचारी राजकिशोर शर्मा का कहना है कि मैं 3 दिन से कह रहा था गैस बंद कराओं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। जिससे आग लग गई। गैस वालों की यह लापरवाही है।

लाला दुकान संचालक का कहना है कि दुकान पर काम कर रहे थे, गैस की पाइप लाइन फुटी होने से आग लग गई। मैं इस आग में झुलस गया। मैरे और भी कर्मचारी झुलस गए। दुकान भी जल गई।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा