home page

मुरैना : अमन चैन की दुआ कर ईद-उल-अजहा की नमाज अता की गई

 | 
मुरैना : अमन चैन की दुआ कर ईद-उल-अजहा की नमाज अता की गई


- इबादतगाह पर ही गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

मुरैना, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गुरूवार को ईद-उल-अजहा के पर्व पर मुस्लिम भाईयों ने अमन चेन की दुआ के साथ खुदा की इबादत की। शहर व गांव में लगभग तीन दर्जन स्थानों पर मस्जिद और इदगाह में स्थानीय इमाम द्वारा नमाज अता करवाई गई। नमाज व इबादत के पश्चात एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। यहां जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर मुस्लिम भाईयों को ईद की शुभकामनाऐं दी।

जिले की मुख्य नमाज कब्रिस्तान स्थित ईदगाह पर अता फरमाई गई। जामा मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती अलीम रजा ने नमाज के पश्चात सभी धर्मप्रेमियों को कुरान की आयात को सुनाकर मुरैना सहित देश में अमन चेन की दुआ की। उपस्थित लगभग 2500 से अधिक धर्मप्रेमियों ने दुआ को आमीन किया। यहां पर नगरपालिक निगम की महापौर श्रीमती शारदा राजेन्द्र सोलंकी ने पेश इमाम तथा मुस्लिम भाईयों ने ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। महापौर सोलंकी ने ईद की शुभकामनाओं के साथ मुस्लिम भाईयों से मिलीं। यहां पूर्व विधायक राकेश मावई के बड़े भाई रविन्द्र मावई ने भी अपनी शुभकामनाऐं दी।

ईदगाह पर सुबह 7.30 बजे नमाज आरंभ हुई। लगभग 35 मिनट तक नमाज व धार्मिक आयोजन हुआ। इसी तरह मुरैना शहर के साथ-साथ अम्बाह-पोरसा, जौरा, कैलारस, सबलगढ़, बानमोर, झुण्डपुरा, रामपुर, सिंहोनिया, बड़ागांव, माताबसैया, नूराबाद क्षेत्र की मस्जिद व इबादतगाह पर 7.45 बजे से नमाज आरंभ हुई। अम्बाह, पोरसा की मस्जिदों पर क्षेत्रीय विधायक देवेन्द्र सखबार अपने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को लेकर पहुंचे। उन्होंने उपस्थित सभी मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद दी। पोरसा की ईदगाह में 8.25 से आरंभ हुई नमाज में 2 हजार के लगभग मुस्लिम भाई शामिल रहे। इस ईदगाह में हाफिज मुस्तकीम रजा द्वारा नमाज अता करवाई गई। मुस्लिम भाईयों ने लगभग 1 लाख 50 हजार रूपये का चंदा ईंदी के रूप में दिया। नमाज के पश्चात मुस्लिम भाईयों ने अपने घर जाकर अपनी प्रिय वस्तु की कुर्बानी प्रतिकात्मक रूप से दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा