आगरमालवाः छेड़छाड़ कांड में फिर आया उबाल, ग्रामीणों का चक्काजाम
आगरमालवा, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सोयतकलां में पिछले बुधवार को नाबालिग बालिका से हुई छेड़छाड़ के मामले में एक बार फिर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जिले के ग्राम देहरिया में सोमवार को दोपहर में उज्जैन-झालावाड़ राश्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-552जी पर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विश्व हिंदू परिषद क्षेत्रीय गौरक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा, विहिप जिला मंत्री जितेश राठौड, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को एक नाबालिग बालिका अपनी सहेली के घर से लौट रही थी, तभी आरोपी अफरोज ने रास्ते में उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 74, 75(1)(प) 78(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ था।
घटना के दिन प्रशासन ने आरोपी के मकान के पास बने अस्थायी निर्माण को हटा दिया था, लेकिन ग्रामीण पक्के मकान को भी अवैध बताते हुए उसे तोड़ने की मांग पर अड़े रहे। सोमवार को कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। मौके पर सुसनेर एसडीएम, एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा एवं तहसीलदार राजेश श्रीमाल सहित पुलिस व राजस्व अमला पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों से बातचीत की। लंबी चर्चा के बाद प्रशासन ने विवादित मकान को तोड़ने के बजाय उसे सरकारी घोषित करते हुए ग्राम पंचायत के सुपुर्द करने का निर्णय लिया। मौके पर पंचनामा तैयार कर भवन को पंचायत को सौंप दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

