home page

तीसरी बार गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनकर मोदी रचेंगे इतिहास, उत्सव भी होगा ऐतिहासिकः वीडी शर्मा

 | 
तीसरी बार गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनकर मोदी रचेंगे इतिहास, उत्सव भी होगा ऐतिहासिकः वीडी शर्मा
तीसरी बार गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बनकर मोदी रचेंगे इतिहास, उत्सव भी होगा ऐतिहासिकः वीडी शर्मा


- मोदी जी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पूरे मप्र में मनेगा जश्न

- मंडल स्तर तक निकाली जाएगी रैली, आतिशबाजी के बाद कराएंगे मुंह मीठा

भोपाल, 08 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के पश्चात प्रदेश भर में जश्न मनाया जाएगा। नरेन्द्र मोदी ने देश की आजादी के बाद गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचने जा रहे हैं, इसलिए प्रदेश में शपथ ग्रहण को लेकर उत्सव और जश्न भी ऐतिहासिक होना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा शनिवार देर मोदी जी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के पश्चात रविवार, 9 जून को प्रदेशभर में जश्न मनाने को लेकर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में मंडल स्तर तक रैली निकाली जाएंगी और आतिशबाजी के बाद लोगों का मुंह मीठा कराया जाएगा। मिठाई बांटकर लोगों को मोदी जी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की शुभकामनाएं दी जाएंगी। मप्र की जनता ने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर ऐतिहासिक विजय दिलाई है।

प्रदेश के सभी मंडलों पर जश्न मनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी मंडल अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ अपने-अपने मंडलों में मोदी जी के प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के पश्चात जश्न मनाएं। उनके बीते दस वर्षों की उपलब्धियों, गरीब कल्याण और जनकल्याणकारी योजनाओं और गारंटियों पर विश्वास करके भाजपा को वोट देने वाले जनता जर्नादन को भी मिठाई बांटकर भाजपा को वोट देने के लिए अभिनंदन कर आभार प्रकट करें।

उन्होंने कहा कि देश के लिए कल का दिन ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार कोई गैर कांग्रेसी व्यक्ति तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को पूरी तरह से नकार दिया है और मोदी जी पर विश्वास प्रकट किया है। शपथ ग्रहण समारोह के साथ कल देश में एक नया इतिहास बनने जा रहा है तो उत्सव भी ऐतिहासिक होना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को जश्न मनाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/प्रभात