home page

मोदी सरकार के 12 वर्ष: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित हुए- डॉ. महेन्द्र सिंह

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्ष: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित हुए- डॉ. महेन्द्र सिंह


भोपाल/शाजापुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को शाजापुर जिले में लाभार्थियों, समाजसेवियों एवं व्यवसायियों से संवाद कर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए देश को विकास की नई दिशा दी है।

कार्यक्रम से पूर्व डॉ. महेन्द्र सिंह ने देवास जिले में मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा माता के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया तथा टेलीतुताई स्थित 200 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का अवलोकन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि आज देश का प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कार्यक्रम को इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पाण्डेय ने भी संबोधित किया।

नया भारत सुरक्षा और संप्रभुता पर समझौता नहीं करता

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आज का नया भारत अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करता। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी निर्णायक कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य का परिचय कराया है। उन्होंने कहा कि देश में एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है, जो विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। भारत आज केवल विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि एक सक्षम, निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व वाला राष्ट्र बनकर उभरा है।

सांस्कृतिक गौरव और आधुनिक विकास का संगम

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक राष्ट्रीय अभियान है।

वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंचों पर प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। अंतरराष्ट्रीय निर्णयों और वैश्विक मुद्दों पर भारत की भागीदारी लगातार मजबूत हुई है। लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल ने देश को नई दिशा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने राजनीतिक स्थिरता, निर्णायक नेतृत्व और विकासोन्मुखी शासन का नया दौर देखा है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेन्द्र सिंह ने खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक अरुण भीमावत, घनश्याम चंद्रवंशी, मनोज चौधरी, भाजपा देवास जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे