home page

भिटोनी रेलवे स्टेशन पर अग्निशमन मॉक ड्रिल संपन्न

 | 
भिटोनी रेलवे स्टेशन पर अग्निशमन मॉक ड्रिल संपन्न


जबलपुर, 06 मई (हि.स.)। यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत भिटोनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को व्यापक अग्निशमन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार साइडिंग लूप लाइन में खड़ी ट्रेन संख्या पीएलबीजी के एक टैंकर वैगन में आग लगने की काल्पनिक सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्टेशन स्टाफ और संबंधित विभाग तुरंत सक्रिय हो गए। त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया प्रभावित वैगन को सुरक्षित रूप से अलग कर दिया गया।

इसके बाद पूरे घटनाक्रम को मॉक ड्रिल घोषित किया गया। ड्रिल में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ स्थानीय गैस प्लांट और नगर निगम भिटोनी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और उच्च दबाव से पानी का छिड़काव कर आग पर प्रभावी नियंत्रण किया गया।

इस दौरान भिटोनी थाना प्रभारी अपने दल के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। स्टेशन स्टाफ ने अग्निशमन यंत्रों का उपयोग करते हुए तत्परता दिखाई। मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी नियंत्रण कक्ष से पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया।

रेलवे प्रशासन द्वारा इस तरह की मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस ड्रिल में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक