महाकाल मंदिर में नियमों को ताक पर रख विधायक पुत्र ने बनाई रील, सुरक्षा कंपनी पर पांच लाख का जुर्माना
उज्जैन, 14 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल फोन ले जाने और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध के बावजूद इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा मंदिर परिसर में रील बनाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह मंदिर के बाहर से लेकर अति संवेदनशील चांदी द्वार तक मोबाइल से वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। मामले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद सुरक्षा कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने और तीन सुरक्षा गार्डों को हटाए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। हालांकि, विधायक गोलू शुक्ला ने इसे लगभग एक माह पुराना बताया है। वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर परिसर में मोबाइल से रील बनाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मंदिर में तैनात कर्मचारी उन्हें विशेष प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराने और उनकी आवभगत में लगे रहे। किसी सुरक्षाकर्मी अथवा कर्मचारी ने उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से वीडियो बनाने से नहीं रोका।
इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए लागू नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर में सामान्य श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन प्रवेश द्वार पर ही लॉकर में जमा कराना पड़ता है। यहां तक कि 250 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद विधायक पुत्र द्वारा मंदिर के संवेदनशील हिस्से तक मोबाइल ले जाकर रील बनाए जाने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी राहुल शर्मा ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षाकर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने मंदिर प्रशासन के दावों को खारिज किया है। उन्होंने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि रील एक माह पुरानी है और मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। विधायक ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में न तो कोई शिकायत हुई है और न ही सुरक्षा कंपनी पर कोई जुर्माना लगाया गया है।
मामले में मंदिर प्रशासन की कार्रवाई और विधायक के दावे के बीच विरोधाभास सामने आया है। इससे महाकाल मंदिर में वीआईपी और सामान्य श्रद्धालुओं के लिए नियमों के समान पालन को लेकर बहस तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

