मुख्यमंत्री डॉ. यादव से विधायक रामेश्वर शर्मा ने की भेंट, 13 दिसम्बर को वीर विक्रमादित्य स्वागत द्वार भूमि पूजन के लिए किया आमंत्रित
भोपाल, 6 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल की हुजूर विधानसभा के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की। विधायक शर्मा ने मुख्यमंत्री के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प को मजबूत रूप से आगे बढ़ाया है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डाॅ. यादव को आगामी 13 दिसम्बर को फंदा में बनने वाले “वीर विक्रमादित्य स्वागत द्वार” के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि यह स्वागत द्वार इतिहास व संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ-साथ विरासत संवर्धन को भी नई गति मिली है।म हाकाल की नगरी उज्जैन अपने नवीन स्वरूप में विकसित हो रही है। ओरछा में राम राजा सरकार कॉरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास और निवेश के लिए अनुकूल प्रदेश के रूप में उभर रहा है। नदी जोड़ो अभियान से प्रदेश का किसान उन्नत और समृद्ध बन रहा है। विधायक शर्मा ने बताया कि भोपाल में महापुरुषों की स्मृति में 9 भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, जो राजधानी की सांस्कृतिक विरासत को उजागर करेंगे और आने वाली पीढ़ियों को देश एवं प्रदेश की गौरवशाली सनातन परंपरा की याद दिलाते रहेंगे।
विधायक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भोपाल को एक मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की जो परिकल्पना की गई है, वह लगातार धरातल पर उतर रही है। आज भोपाल का आमजन मुख्यमंत्री की प्रगतिशील सोच और विकास कार्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

