home page

महाअष्टमी पर कई धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री

 | 
महाअष्टमी पर कई धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री


जबलपुर, 26 मार्च (हि.स.)।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर आज गुरुवार को शहर में आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुये तथा आदि शक्ति मॉं दुर्गा की आराधना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंत्री सिंह ने महाअष्टमी पर सिटी बंगाली क्लब में शक्ति स्वरूपा माँ काली के विधि-विधान से दर्शन किए। उन्होंने बंगाली समाज के नागरिकों को चैत्र नवरात्रि और रामनवमी की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सिद्धिबाला बोस लायब्रेरी एसोसिएशन द्वारा लोक निर्माण मंत्री का शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका सम्मान किया गया।

महाअष्टमी पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में लोक निर्माण मंत्री सिंह शारदा चौक स्थित माँ दुर्गा जी के दरबार पहुँचे, जहाँ उन्होंने मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं सतचंडी यज्ञ में शामिल हुये। इसके बाद उन्होंने गौतम जी की मढ़िया स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित रामकथा एवं हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की।

मंत्री सिंह ने सिद्ध श्री माँ गंगेश्वरी धाम, गंगा सागर हनुमान मंदिर पहुँचकर श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का श्रवण किया। साथ ही उन्होंने धनवंतरी नगर स्थित श्री सिद्ध दुर्गा मंदिर में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत पुराण कथा कार्यक्रम में भी उपस्थिति दर्ज कराई।

लोक निर्माण मंत्री ने कार्यक्रमों में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सभी को महाअष्टमी और रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सिंह ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन हमें संयम और सेवा की प्रेरणा देता है, हम सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक