अनूपपुर: बिजुरी में किशोरी हत्याकांड के नाबालिक गवाह की ट्रेन से कटकर मौत
अनूपपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। 20 मई को हुई एक नाबालिक किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में न केवल चश्मदीद गवाह था, बल्कि उसी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की भोर में बिजुरी के गलैयाटोला रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की टक्कर से अमन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरपीएफ बौरीडांड ने उसे छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरपीएफ प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
ज्ञात हो कि 20 मई की रात अमन ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी महिला मित्र के साथ कोरजा कॉलरी के पास बैठा था, तभी दो बदमाशों ने उन पर हमला किया। आरोपियों ने अमन का सिर पर वार किया और युवती के साथ बर्बरता की थी। अमन ने घायल अवस्था में ही युवती को अस्पताल पहुंचाया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।
बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि अमन शुक्रवार शाम तक जांच के सिलसिले में थाने में ही था। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि अमन तड़के 3 बजे सुनसान रेलवे ट्रैक पर क्यों पहुंचा था। घटना के बाद से ही अमन मानसिक तनाव में बताया जा रहा था।
अमन की रिपोर्ट पर पुलिस ने गोलू कुशवाहा और अख्तर अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि युवती की मौत दम घुटने के कारण हुई थी। अनूपपुर जिला काग्रेस ने बिजुरी पुलिस के प्रेसनोट पर सवाल खडे करते हुए शुक्रवार को अधीक्षक विक्रांत मुराब को ज्ञापन सौप कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

