home page

अनूपपुर: पिकनिक मनाने गए नाबलिक लड़के की गड्ढे में डूबने से मौत

 | 
अनूपपुर: पिकनिक मनाने गए नाबलिक लड़के की गड्ढे में डूबने से मौत


अनूपपुर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर केवई नदी पंप हाउस के पास दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 13 साल का बच्चा नहाने के दौरान गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, भालूमाड़ा के वार्ड नंबर 12 का रहने वाला 13 वर्षीय शिवम गुप्ता पुत्र सोमनाथ गुप्ता रविवार दोपहर 5-6 दोस्तों के साथ केवई नदी पंप हाउस गया था। जहां नहाते समय शिवम उस गहरे गड्ढे में कूद गया, जिसे नगरपालिका ने जल मिशन योजना के तहत स्टॉप डैम बनाने के लिए खोदा था। जब शिवम काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला, तो उसके दोस्तों को चिंता हुई। उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी घरवालों को दी, जिसके बाद परिजन ने पुलिस और नगरपालिका को खबर की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराकों समेत लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसईसीएल के गोताखोरों और अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम को मदद के लिए बुलाया गया। शाम को करीब 7 बजे के बीच गोताखोरों ने स्टॉप डैम के उसी गहरे गड्ढे से शिवम के शव को बाहर निकाल लिया।

इकलौता बेटा था शिवम

भालूमाड़ा थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि शव की पहचान 13 साल के शिवम गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे एसईसीएल रीजनल अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया है, पोस्टमार्टम सोमवार की सुबह किया जाएगा। शिवम सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में आठवीं क्लास का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता सोमनाथ गुप्ता पंचर सुधारने की दुकान चलाते हैं। इस हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला