home page

जबलपुरः नागरिकों को मिलेगी सस्ती और किफायती बस परिवहन सुविधा की सौगात

 | 
जबलपुरः नागरिकों को मिलेगी सस्ती और किफायती बस परिवहन सुविधा की सौगात


जबलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर के नागरिकों को सस्ती और किफायती बस परिवहन सुविधा की सौगात मिलने जा रही है।

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि 25 सितंबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई बस सेवा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के द्वारा यह तोहफा दिया जाएगा।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बुधवार को बताया कि भोपाल के भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई बस सेवा का शुभारंभ होने के साथ ही संस्कारधानी के नागरिकों को लगभग 100 बसों का तोहफा मिलेगा जिसमें 45 पीएम ई बसें और 50 मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसें सम्मिलित हैं। निगमायुक्त अहिरवार ने केंद्र एवं राज्य सरकार की दोनों महत्वाकांक्षी परिवहन योजनाओं को जबलपुर के नागरिकों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि संस्कारधानी के अलावा संपूर्ण जिले के नागरिकों को भी सस्ती परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में प्रदेश को मिलने जा रही इस सौगात को लेकर संस्कारधानी वासियों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। भोपाल में आयोजित मुख्य आयोजन के लिए आज जबलपुर से सभी बसें भोपाल के लिए रवाना होगी शुभारंभ के पश्चात अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सभी बसें जबलपुर की सड़कों पर दौड़ेंगी और यहां के नागरिकों को सुविधा प्रदान करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक