आगरमालवा, सुसनेर और नलखेड़ा के नए सांदीपनी विद्यालयों का लोकार्पण शनिवार को
आगरमालवा, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तीन नवीन सांदीपनी विद्यालयों का लोकार्पण शनिवार, 25 जुलाई को प्रभारी मंत्री नागरसिंह चौहान करेंगे। जिला मुख्यालय आगरमालवा स्थित विद्यालय भवन का लोकार्पण वे स्वयं करेंगे, जबकि सुसनेर और नलखेड़ा के विद्यालय भवनों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया जाएगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही सभी विद्यालयों में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत सांदीपनी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार तीनों विद्यालयों को आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इनमें स्मार्ट क्लासरूम, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रयोगशाला, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, विशाल एवं हवादार कक्षाएं, खेल मैदान, इनडोर एवं आउटडोर खेल सुविधाएं, कला, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अलग व्यवस्था, बहुउद्देश्यीय सभागार तथा ई-लर्निंग संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा, सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षित परिसर, दिव्यांगजन-अनुकूल अधोसंरचना, स्वच्छ पेयजल, पृथक शौचालय तथा आधुनिक फर्नीचर जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इन विद्यालय भवनों पर कुल 106.37 करोड़ रुपये की लागत आई है। इनमें आगरमालवा सांदीपनी विद्यालय भवन पर 38.81 करोड़ रुपये, सुसनेर विद्यालय पर 31.72 करोड़ रुपये तथा नलखेड़ा विद्यालय भवन पर 35.84 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन नए विद्यालय भवनों के प्रारंभ होने से जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे प्रतिस्पर्धी शिक्षा और समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

