सागरः स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री राजपूत ने छात्राओं संग किया मध्याह्न भोजन
सागर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला तालचिरी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया।
मध्याह्न भोजन से पूर्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शाला परिसर में कदम का पौधा रोपा। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने पर जोर देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखरेख करने की अपील की।
पौधरोपण के पश्चात भोजन शुरू करने से पहले सभी विद्यार्थियों ने विधि-विधान से भोजन मंत्र का उच्चारण किया। मंत्री राजपूत के इस कदम ने समाज में समानता, सहभागिता और सामूहिकता का एक प्रेरणादायी संदेश दिया। सहभोज के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, सागर एसडीएम रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेंद्र द्विवेदी, जैसीनगर एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं मोना दांगी, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन आदि। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से पूरा माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

