मंत्री लखन पटेल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद, जनसमस्याओं का किया त्वरित निराकरण
भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंत्री लखन पटेल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनकी जनसमस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया।
मंत्री पटेल ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया है। संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं की कठिनाइयों को समझते हुए आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन स्थापित करना है। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे, जिन पर गंभीरता से चर्चा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

