home page

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से कुश समाज कल्याण के नव नियुक्त अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल की सौजन्य भेंट

 | 
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से कुश समाज कल्याण के नव नियुक्त अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल की सौजन्य भेंट


समाज उत्थान, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

भोपाल, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से शुक्रवार काे मध्य प्रदेश कुश समाज कल्याण के नव नियुक्त अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने अपने साथियों सहित उनके निज निवास ‘मातेश्वरी’ पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस दौरान समाज हित, संगठन सशक्तिकरण और युवाओं के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

भेंट के दौरान प्रभुदयाल पटेल ने मंत्री राजपूत को संगठन की आगामी योजनाओं, समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों और प्रदेशभर में समाज को संगठित करने की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

शिक्षा और सामाजिक एकता पर मंत्री राजपूत का जोर

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता है। उन्होंने युवाओं को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के उत्थान हेतु सकारात्मक प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका से समाज में जागरूकता बढ़ती है और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मंत्री राजपूत ने प्रभुदयाल पटेल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना भी की।

समाज हित के मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

बैठक में समाज के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं के कौशल विकास, सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन, संगठन विस्तार और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रभुदयाल पटेल ने कहा कि संगठन समाज के हर वर्ग को साथ लेकर कार्य करेगा और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

मंत्री निवास पर आयोजित इस सौजन्य भेंट कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समाज हितैषी दृष्टिकोण और सहयोगात्मक भावना की सराहना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे